दरोगा की नौकरी के नाम पर दो भाइयों से 28 लाख ठगे
लखनऊ। बंथरा पुलिस ने ओरावां स्थित नई कॉलोनी निवासी शुभम सिंह और उसके पिता दल बहादुर सिंह के खिलाफ 28 लाख की धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि शुभम ने खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर जौनपुर के शाहगंज छिड़वा भादी गांव निवासी संदीप कुमार यादव व उनके भाई से आरपीएफ में दरोगा की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी की।
संदीप के मुताबिक वर्ष 2023 में प्रयागराज में सिविल सर्विसेज की तैयारी के दौरान शुभम से मुलाकात हुई थी। शुभम ने इनकम टैक्स अफसर का कार्ड दिखाकर झांसे में लिया था। पिता दल बहादुर को लखनऊ में एसडीएम कार्यालय का कर्मचारी बताया था। आरोपी ने संदीप व उनके भाई की नौकरी स्पोर्ट्स कोटे से दिलाने की बात कहकर 30 सितंबर 2023 को 28 लाख रुपये ले लिए थे और फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया था। जालसाजी की जानकारी पर संदीप ने जब रकम लौटाने के लिए कहा तो आरोपी पिता-पुत्र ने जान से मारने की धमकी दी। विरोध पर अक्तूबर-2024 को पीड़ित भाइयों पर तमंचे से फायर कर दिया। हालांकि दोनों की जान बच गई। मामले की शिकायत संदीप ने 15 मई को एडीसीपी दक्षिण निपुण अग्रवाल से की। इंस्पेक्टर अरविंद कुमार राणा ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।