रामसेवक और रामू यादव की फाइल फोटो।
सरोजनीनगर। गेहरू अंडरपास के पास बृहस्पतिवार दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार रामसेवक यादव (50) और उनके साढ़ू रामू यादव (45) की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर के बाद डंपर बाइक को करीब दो किलोमीटर तक घसीटता ले गया। पुलिस ने पीछा कर डंपर चालक को बिजनौर इलाके में पकड़ा।
एसएसआई हरदारीलाल के अनुसार, मोहनलालगंज के रानीखेड़ा हरिकंशगढ़ी निवासी श्रमिक रामसेवक यादव 14 जून को सीतापुर के अटरिया के नकरहा गांव निवासी साढ़ू रामू यादव के घर गए थे। वे बड़े मंगल के भंडारे में शामिल हुए थे। बृहस्पतिवार को दोनों बाइक से हरिकंशगढ़ी लौट रहे थे। दोपहर डेढ़ बजे गेहरू अंडरपास के पास यह हादसा हुआ। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक चला रहे रामू का हेलमेट निकल गया। दोनों बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। सिर में गंभीर चोटें लगने से दोनों की मौत हो गई।
पुलिस ने पीछा कर डंपर चालक को पकड़ा
हादसे के बाद आरोपी चालक ने डंपर रोकने के बजाय तेजी से भगा ले गया। बाइक उसमें फंसकर दो किलोमीटर तक घिसटती रही। राहगीरों की सूचना पर पुलिस ने डंपर का पीछा किया और उसे बिजनौर के नटकुर अंडरपास के पास पकड़ लिया। एसएसआई के अनुसार, चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दोनों परिवारों में मचा कोहराम
पुलिस ने रामसेवक और रामू की मौत की खबर उनके परिजनों को दी। यह खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। रामू यादव पेशे से ट्रक चालक थे, जबकि रामसेवक मजदूरी करते थे। रामसेवक के परिवार में पत्नी मुन्नी देवी, बेटा रिंकू यादव और तीन बेटियां हैं। रामू यादव के परिवार में पत्नी अंजू, बेटा निखिल और बेटी शगुन हैं।
रामसेवक और रामू यादव की फाइल फोटो।
रामसेवक और रामू यादव की फाइल फोटो।