रायबरेली के नसीराबाद थाना क्षेत्र में रविवार को खेलते समय दो मासूम भाई तालाब में गिर गए। डूबने से बड़े भाई की मौत हो गई, जबकि छोटे को बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। ग्रामीणों ने दोनों को किसी तरह बाहर निकाला था।
नसीराबाद कस्बे के मोहल्ला पुरानी कोठी निवासी रामसमुझ के दो बेटे श्यामबाबू (7) व घनश्याम (5) घर से कुछ दूर पर स्थित तलारा तालाब के पास खेल रहे थे। इसी दौरान श्यामबाबू का पैर फिसल गया और वह तालाब में गिर गया। उसे डूबते देख छोटा भाई घनश्याम भी रोते हुए तालाब में कूद गया। दोनों डूबने लगे।
आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने दौड़कर दोनों को पानी से बाहर निकाला। लेकिन तब तक श्यामबाबू की मौत हो गई। बेहोशी की हालत में घनश्याम को सीएचसी ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसओ धीरेंद्र यादव ने बताया कि जांच कराई जाएगी।