लखनऊ। एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स और आलमबाग पुलिस की संयुक्त टीम ने मिलकर चारबाग के पास से मादक पदार्थ तस्करी करने वाले दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास 2.46 करोड़ रुपये की हेरोइन बरामद की गई।
एएनटीएफ गोरखपुर यूनिट के दरोगा रमेश राम के मुताबिक आरोपियों की पहचान बाजारखाला मोतीझील निवासी फैसल हसन और उसके भाई फरहान हसन के रूप में हुई है। आरोपियों के पास 1.23 किलो हेरोइन, एक बाइक, तीन मोबाइल और 341 रुपये मिले। आरोपियों ने बताया कि वे लोग तस्कर से हेरोइन लेकर आते थे और उसे चारबाग के आसपास बेचते थे। आरोपियों के पास से मिले मोबाइल फोन से उनके नेटवर्क के बारे में कुछ अहम जानकारी हाथ लगी है। उस पर एएनटीएफ की टीम काम कर रही है। पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ आलमबाग थाने में मादक पदार्थ तस्करी के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।