होली के मौके पर लखनऊ के मोहनलालगंज इलाके में दो बच्चों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। दोनों दोस्त तालाब में नहाकर रंग छुड़ाने गए थे। वह अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। हादसे से दोनों घरों में त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं।
मोहनलालगंज के प्रभारी निरीक्षक गऊदीन शुक्ला ने बताया कि गांव सिसेंडी के प्रधान अशोक वर्मा का भतीजा वीशू (10) और नन्हा शर्मा का बेटा हिमांशु (11) बृहस्पतिवार को रंग खेलने के बाद गांव के ही रामजी व लल्लन के साथ राजबाग स्थित घुमरही तालाब में नहाने गए थे। नहाकर रंग छुड़ाने के दौरान वीशु व हिमांशु गहरे पानी में डूबने लगे।
नजारा देखकर रामजी शोर मचाते हुए उनके घर की तरफ दौड़ा, जबकि बुरी तरह सहमा लल्लन छिप गया। बच्चों के डूबने की भनक लगते ही दोनों के परिवारीजन आननफानन में मौके पर पहुंचे। रामीणों की मदद से उन्हें तालाब से निकालकर अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इसके साथ होली की खुशियां मातम में बदल गईं।
परिवारीजनों ने बच्चों का पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया। पुलिस ने प्रधान की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई करके शव परिवारीजनों को सौंप दिए। हिमांशु की मां मंजू अस्पताल में ही गश खाकर गिर गई। प्रधान अशोक वर्मा ने बताया कि तीन दिन पहले धूमधाम से वीशू का जन्मदिन मनाया गया था।