लखनऊ। बीबीडी स्थित जुग्गौर इलाके में रविवार दोपहर तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार बाराबंकी देवा निवासी रामकिशोर (50) और राजू (41) की मौत हो गई। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में ले लिया है।
इंस्पेक्टर बीबीडी राम सिंह के मुताबिक रामकिशोर राजू के साथ बाइक से सुशांत गोल्फ सिटी जा रहे थे। बाइक राजू चला रहा था। जुग्गौर के पास पीछे से तेज रफ्तार कार की टक्कर से दोनों लोग घायल हो गए। वहीं कार भी अनियंत्रित होकर पलट गई। कार में चार लोग सवार थे। सभी को मामूली खरोच लगी। मौके पर पहुंची पुलिस घायलों को अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। उनके पास से मिले मोबाइल की मदद से पुलिस ने दोनों की पहचान कर खबर परिजनों को दी। इंस्पेक्टर ने बताया कि आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है। हादसे के संबंध में बीबीडी थाने में केस दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि बाइक सवार लोग हादसे के वक्त हेलमेट नहीं पहने थे।