गोसाईंगंज। कबीरपुर में बुधवार रात सुल्तानपुर रोड पर बने कट से गलत दिशा में मुड़ते समय तेज रफ्तार कार की बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार सिठौली निवासी मनोज कुमार (40) और शिवराज (42) की मौत हो गई।
इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार त्रिपाठी के मुताबिक मनोज और शिवराज बुधवार को मजदूरी करने गए थे। रात करीब 10:30 बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। कबीरपुर कट से मुड़ते समय पूर्वांचल एक्सप्रेस वे से आ रही तेज रफ्तार कार से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर लगते ही बाइक सवार दोनों युवक छिटक कर सड़क पर जा गिरे। हेलमेट न लगा होने से दोनों के सिर पर गंभीर चोट लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सीएचसी पहुंचाया, जहां से दोनों को ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई। उनके पास से मिले मोबाइल व दस्तावेज की मदद से पुलिस ने परिजनों को सूचना दी।
भाग रहे कार चालक को पुलिस ने पकड़ा
इंस्पेक्टर गोसाईंगंज ने बताया कि हादसे के बाद भाग रहे कार चालक को पुलिस ने खुर्दही बाजार में पकड़ लिया। पुलिस ने कार को कब्जे में लेने के साथ ही चालक को हिरासत में ले लिया है। इंस्पेक्टर ने बताया कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर किया गया है।
इस वजह से हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सठवारा के रास्ते सिठौली जाने के लिए बाइक सवार मुड़ रहे थे। तभी हादसा हो गया। दरअसल, कबीरपुर से एक किमी नवाब अली पुरवा मोड़ पर कट बनाया गया है। एक किमी की दूरी से बचने के लिए लोग कबीरपुर कट से होकर करीब 200 मीटर गलत दिशा में चलते हैं। यही कारण है कि आए दिन हादसे होते रहते हैं। हालांकि दिन में इस कट पर पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं।
बाइक सवार एक युवक पहले ही उतर गया था
घटना के प्रत्यक्षदर्शी नीरज वर्मा ने बताया कि बाइक पर तीन युवक सवार थे। कबीरपुर कट के पास एक युवक पहले ही उतर गया था। बाइक सवार मनोज व शिवराज जैसे ही कट से मुड़े हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद बाइक कार में फंसकर काफी दूर तक घिसटती चली गई। कुछ दूरी के बाद कार सवार चार युवक उतरे और कार में फंसी बाइक को निकाल कर किनारे किया और फिर बैठकर भाग निकले।
अब कैसे चलेगा परिवार, बच्चों का क्या होगा
मनोज के परिवार में पत्नी मंजू और चार बच्चे निखिल, निधि, निहाल और प्रिंस हैं। मंजू का रो-रोकर बुरा हाल है। मंजू का कहना है कि अब बच्चों का क्या होगा? कैसे चलेगा परिवार। मनोज अपने चार भाइयों में सबसे बड़े थे। छोटे भाइयों में सूरज, राजकुमार और शिवा हैं। वहीं शिवराज के परिवार में पत्नी कमला और एक बेटा राज है।
शिवराज की फाइल फोटो।