दो कारीगर 18 लाख के सोने के जेवर लेकर भाग निकले। घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। मामले में कारोबारी ने केस दर्ज कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
राजधानी लखनऊ में सआदतगंज के हाता भीखम खां निवासी कारोबारी दिलशाद अहमद ने दो कारीगरों पर 18 लाख के सोने के जेवर लेकर भागने का आरोप लगाया है। सआदतगंज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोपियों में बंगाल के पुविमारी निवासी अजीज गाजी और खरामपुर के आलमीन शामिल हैं।
विज्ञापन
कारोबारी दिलशाद ने बताया कि वह सआदतगंज के झंवाईटोला में सोने के जेवरों का कारखाना चलाते हैं। कारखाने में दोनों आरोपी बीते मार्च से काम कर रहे हैं। तीन जून को छुट्टी के कारण कारखाना बंद था। आरोप है कि उसी दिन दोनों सुबह 7.30 बजे कारखाने पहुंचे। वहां रखे 180 ग्राम सोने के जेवर लेकर भाग निकले। घटना कारखाने में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश जारी
दिलशाद ने बताया कि उसे मामले की जानकारी अगले दिन हुई। पीड़ित कारोबारी ने दोनों आरोपियों को खोजने की काफी कोशिश की, मगर कहीं कुछ पता नहीं चल सका। ऐसे में उन्होंने सआदतगंज पुलिस से शिकायत की। इंस्पेक्टर संतोष आर्या के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों को तलाशने की कोशिश की जा रही है।