गुडंबा। कल्याणपुर रिंग रोड स्थित मकान से सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के दो आरोपियों को गुडंबा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों चोरी के गहने बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे थे। उनके कब्जे से आभूषण, 2500 रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद हुई है।
विज्ञापन
इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा ने बताया कि मकान मालिक समीश सिंह ने 31 अक्तूबर को चोरी की एफआईआर दर्ज कराई थी। आरोप है कि 30 अक्तूबर की रात करीब 1:52 बजे चोर मुख्य गेट के ऊपर से मकान में घुसा और कमरे में रखे आभूषण लेकर भाग गया।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों के सेक्टर-जे, जानकीपुरम में मौजूद होने की सूचना मिली। घेराबंदी कर बाराबंकी के बेगमगंज निवासी शाहिद खान उर्फ अब्दुल समद और सआदतगंज कटरा निवासी सुमैल हसनैन को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से सोने की चेन, नथ, अंगूठी, झुमकी, कान के टॉप्स, चांदी की पायल, बिछिया और नकदी बरामद हुई। पुलिस ने सफेद अपाचे बाइक भी जब्त की है।