लखनऊ/रायबरेली। निगोहां कस्बे के सराफ शंकर सोनी और रायबरेली के महाराजगंज के सराफ अरुण सोनी से रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने दो युवकाें को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त मोबाइल, सिम और अवैध असलहा बरामद हुआ है। इन दोनों ने लखनऊ सेंट्रल जेल में बंद शातिर अपराधी राजू भारती का यू-ट्यूब पर रंगदारी मांगने का वीडियो देखकर उसी अंदाज में रंगदारी मांगने की साजिश रची थी।
निगोहां कस्बा के न्यू लकी ज्वैलर्स के मालिक शंकर सोनी और रायबरेली के महराजगंज कस्बा स्थित शिप्रा ज्वैलर्स के मालिक अरुण सोनी से पिछले दिनों एक अपराधी ने फोन कर रंगदारी मांगी थी। उसने खुद को लखनऊ का शातिर अपराधी राजू भारती बताते हुए रकम न देने पर गोली से उड़ाने की धमकी दी थी। रायबरेली के एएसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि महराजगंज कोतवाल रेखा सिंह, एसओजी प्रभारी अमरेश त्रिपाठी व सर्विलांस सेल प्रभारी राम आशीष उपाध्याय की टीम ने सोमवार को शिवगढ़ मोड़ के पास से महराजगंज कस्बा निवासी रतन रस्तोगी और महराजगंज के ही प्रकाश नगर निवासी अभिषेक उर्फ कुणाल को गिरफ्तार किया है।
तंगहाली से जूझ रहे रतन व अभिषेक ने शातिर अपराधी राजू भारती का यू-टयूब पर रंगदारी मांगने का एक वीडियो देखकर व्यापारियों से रंगदारी की योजना बनाई थी। एएसपी ने बताया कि राजू भारती लखनऊ सेंट्रल जेल में बंद है। एएसपी ने बताया कि आरोपी रतन रस्तोगी 12वीं पास है जबकि अभिषेक ने नौवीं तक पढ़ाई की है। आरोपियों को जब पता चला कि रंगदारी मांगने का मामला अखबारों में प्रकाशित हो गया है तो दोनों ने मोबाइल व सिम तोड़कर फेंक दिया था। हालांकि सर्विलांस की मदद से दोनों गिरफ्त में आ गए।