लखनऊ। गाजीपुर थाने की पुलिस ने महिला से चेन लूटने के दो आरोपियों को पॉलिटेक्निक चौराहे के पास से रविवार को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से लूटी चेन और घटना में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है।
इंस्पेक्टर राजेश मौर्या के मुताबिक रायबरेली के खीरो के शिवम सिंह और बाराबंकी के देवा के पिंटू को गिरफ्तार किया गया है। इंदिरानगर के सेक्टर-23 निवासी आयुष जैन ने मां सरिता जैन से चेन लूट की एफआईआर कराई थी। उनका कहना था कि सात अक्तूबर को घर लौटते वक्त आम्रपाली चौराहे के पास बदमाशों ने उनकी चेन लूट ली थी। 11 को रिपोर्ट दर्ज तीन टीमें बनाई गईं। घटनास्थल व आस-पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें आरोपी दिखे थे।
रविवार को पुलिस पॉलिटेक्निक चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी बिना नंबर प्लेट की बाइक पर दो लोग हेलमेट पहने आते दिखे। पुलिस ने बाइक रोकने का इशारा किया तो युवक भागने लगे। चौराहे से कुछ ही दूरी पर बाइक अनियंत्रित होकर फिसलने से दोनों गिर पड़े। पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है।