लखनऊ। गोसाईंगंज के सिठौली कला गांव निवासी दीपक सिंह (31) की हत्या के मामले में पुलिस ने विशाल रावत और कृष्णा रावत को गिरफ्तार किया है। इन पर अपहरण व साक्ष्य छिपाने के आरोप हैं। नामजद तीसरे आरोपी गोलू की तलाश जारी है।
एडीसीपी साउथ रल्लापल्ली वसंथ कुमार ने बताया कि दीपक का शव अभी तक नहीं मिला है। पुलिस लखनऊ, रायबरेली, अमेठी और बाराबंकी से होकर गुजरने वाली नहर में शव तलाश रही है। शव बरामद न होने के कारण हत्या की धारा नहीं बढ़ाई जा सकी है। गिरफ्तार आरोपियों मोहनलालगंज के डलौना निवासी विशाल रावत और सलौली निवासी कृष्णा रावत को अपहरण व साक्ष्य छिपाने की धाराओं में गिरफ्तार किया गया है। दोनों ने शराब के नशे में दीपक की ईंट से वार कर हत्या करने और शव नहर में फेंकने की बात कबूल की थी। नामजद तीसरे आरोपी पहाड़नगर निवासी गोलू की तलाश में पुलिस की टीम लगी हुई है। यह घटना 18 जून की रात की है। 24 जून को दीपक के पिता ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
पकड़े गए आरोपी।