लखनऊ। एआई की मदद से अश्लील वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के आरोप में दो युवकों को बख्शी का तालाब पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी फेसबुक पेजों के जरिये अश्लील सामग्री प्रसारित कर वेबसाइट पर पोस्ट करते थे। ऐसा करके आरोपी ट्रैफिक बढ़ाकर आर्थिक लाभ कमा रहे थे।
डीसीपी नॉर्थ अमित आनंद ने बताया कि पुलिस ने सीतापुर के अटरिया भगवानपुर निवासी विवेक कुमार और भगौतीपुर निवासी राहुल यादव को अस्ती रोड स्थित एक मकान से गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 40 मोबाइल फोन, तीन लैपटॉप, तीन सीपीयू मय एक्सेसरीज, चार एलईडी, तीन चेकबुक और 1.57 लाख रुपये नकद मिले। इस मामले में पुलिस ने दोनों के खिलाफ बख्शी का तालाब थाने में आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि बरामद इलेक्ट्रॉनिक सामान को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा।