लखनऊ। समिट बिल्डिंग स्थित द हाइप रूम बार के पब्लिक रिलेशन मैनेजर हमजा पर जानलेवा हमला करने के दो आरोपियों चिनहट के अजीत पांडेय व जय प्रकाश को सोमवार देर रात पुलिस ने एसएसपी मुख्यालय के पास से गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से .32 बोर की दो अवैध पिस्तौल मिली है। विभूतिखंड पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की तलाश में जुटी है।
इंस्पेक्टर विभूतिखंड अमर सिंह के मुताबिक पीड़ित ने अजीत पांडेय, प्रथम शर्मा, सौरभ शुक्ला, राज और अन्य अज्ञात के खिलाफ 30 अगस्त को हत्या के प्रयास व अन्य धाराओं में केस दर्ज कराया था। गिरफ्त में आए जय प्रकाश की निर्माण सामग्री की दुकान है, जबकि अजीत कुछ नहीं करता है।
हमजा का आरोप था कि 13 अगस्त को बार में आए अजीत पांडेय, प्रथम शर्मा व उनके साथी डीजे कंसोल पर चढ़कर हुड़दंग करने लगे। रोकने का प्रयास करने पर धमकी देकर चले गए। हमजा का आरोप है कि 29 अगस्त की रात 11 बजे अजीत पांडेय, प्रथम शर्मा, सौरभ शुक्ला व राज साथियों के साथ दोबारा आए। राज हमजा को घसीटते हुए वॉशरूम के पास ले गया, जहां अन्य आरोपी पहले से थे। सभी ने डीजे कंसोल पर चढ़ने से रोकने पर एक बार फिर जान से मारने की धमकी दी।
हमजा का कहना है कि रात करीब 12.40 बजे कार से घर जाते वक्त साइबर हाइट के पास आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। राज ने पिस्टल से कार का शीशा तोड़ा और बट से हमजा के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें कार से बाहर खींच लिया और जमकर पिटाई की।