लखनऊ। इंदिरानगर इलाके में 24 जुलाई की देर रात किराना कारोबारी उमेश चंद्र गुप्ता के घर में लूट के प्रयास के दौरान कारोबारी, उनकी पत्नी और बेटी पर जानलेवा हमला करने वाले दो बदमाशों को इंदिरानगर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस वारदात में शामिल दो अन्य बदमाशों की तलाश में जुटी है।
एडीसीपी पूर्वी अमोल मुर्कुट ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच को लगाया गया था। सर्विलांस की मदद से पुलिस को कुछ संदिग्धों के मोबाइल नंबर मिले थे। जांच में पता चला कि संदिग्ध नंबर सीतापुर के रहने वाले कुछ युवकों के हैं। शनिवार को सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक मानस तिराहे स्थित पार्क के पास मौजूद हैं। पुलिस ने वहां से सीतापुर के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के दहला और समरदहा गांव निवासी श्रमिक उदयराज और विनोद कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर कारोबारी के घर वारदात को अंजाम देने की बात कबूल की।
एक आरोपी ने की थी रेकी
एडीसीपी ने बताया कि बदमाशों ने अपने एक साथी का नाम फिरोज बताया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। फिरोज पीड़ित के घर के पास काम करता था और अक्सर उनकी दुकान पर सामान खरीदने आता था। इसी दौरान उसे पता चला कि कारोबारी उमेश और उनकी पत्नी शांति देवी घर पर रहते हैं। उसने कई दिनों तक उमेश के मकान की रेकी की और इसके बाद साथियों को लूट के इरादे से बुलाया। घटना वाली रात चारों बदमाश करीब 10 बजे गली में पहुंचे। फिरोज और उसका एक साथी सड़क पर रुक गए, जबकि विनोद और उदयराज बगल के खाली प्लॉट से पाइप के सहारे चढ़कर उमेश के घर पहुंचे। खटपट की आवाज सुनकर उमेश, उनकी पत्नी शांति देवी और बेटी सीमा जाग गए। इस पर आरोपियों ने तीनों पर हमला कर दिया और मौके से भाग निकले।