ट्विटर ने उत्तर प्रदेश भाजपा का अकाउंट गुरुवार को सस्पेंड कर दिया। इसकी वजह अभी साफ नहीं हो पाई है, लेकिन संदेह जताया जा रहा है कि इस अकाउंट द्वारा आगरा के चर्च की घटना से जुड़ी तस्वीरें और एफआईआर की कॉपी शेयर करने पर ऐसा किया गया है। इस अकाउंट से 40 हजार से अधिक लोग जुड़े हुए हैं।
@BJPLucknowBJP को भाजपा के कुछ सबसे सक्रिय पेज में गिना जाता है। इसने 73 हजार से अधिक ट्वीट करके न केवल यूपी, बल्कि देश भर में अपने कार्यकर्ताओं और फॉलोअर्स के बीच अच्छी पकड़ बनाई थी।
यूपी में बीजेपी की रियल टाइम अपडेट के लिए हजारों ट्विटर यूजर्स इस पेज पर निर्भर रहने लगे थे। गुरुवार को इस पेज पर आगरा चर्च की घटना की कुछ तस्वीरें पोस्ट करके कहा गया था कि कुछ शरारती तत्वों ने चर्च में तोड़फोड़ की है।