फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोदी के वाराणसी को मिली चौबीस घंटे बिजली

Tue, 03 Jun 2014 10:50 AM IST
अनिल श्रीवास्तव/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
प्रदेश में भले ही बिजली की भारी किल्लत हो पर मोदी की वाराणसी को 24 घंटे बिजली मिलेगी। इस संबंध में भाजपा विधायक से मुलाकात के बाद अखिलेश ने फैसला सुनाया।
विज्ञापन


राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र और धार्मिक नगरी वाराणसी को बिजली कटौती से मुक्त कर दिया है।

बिजली कटौती के विरोध में पिछले कई दिनों से वाराणसी में धरने पर बैठे भाजपा विधायक श्यामदेव राय चौधरी ने सोमवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता लालजी टंडन के साथ मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने वाराणसी शहर को कटौतीमुक्त बिजली के आदेश जारी कर दिए।
Trending Videos

पांच दिन से अनशन पर भाजपा विधायक

शाम को पावर कॉर्पोरेशन प्रबंधन ने वाराणसी के सारनाथ स्थित क्षेत्रीय लोड डिस्पैच सेंटर (आरएलडीसी) को निर्देश भेजकर वाराणसी शहर को कटौती से मुक्त रखने को कहा है।

बिजली कटौती के खिलाफ वाराणसी दक्षिणी क्षेत्र के भाजपा विधायक श्यामदेव राय चौधरी पिछले पांच दिन से वहां अनशन पर बैठे थे।

चौधरी की हालत बिगड़ने के बाद रविवार को मुख्यमंत्री ने उन्हें बातचीत के लिए लखनऊ बुलाया था।

चौधरी वाराणसी के सीएमओ के साथ रविवार रात लखनऊ पहुंच गए लेकिन देर हो जाने की वजह से उनकी मुख्यमंत्री से भेंट नहीं हो सकी।

अफसरों को किया तलब

सोमवार दोपहर 12 बजे उनकी मुख्यमंत्री से मुलाकात का वक्त तय था। इसके मद्देनजर मुख्यमंत्री ने विद्युत उत्पादन निगम के सीएमडी कामरान रिजवी और पावर कॉर्पोरेशन के एमडी एपी मिश्र को भी तलब कर लिया था।

दोनों अफसर 11.30 बजे मुख्यमंत्री आवास पहुंच गए। मुख्यमंत्री ने पहले इन अफसरों से वाराणसी की आपूर्ति के बारे में फीडबैक लिया।

करीब सवा 12 बजे श्यामदेव राय चौधरी टंडन के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंचे।

सीएम ने कहा-केंद्र भी करे सहयोग

चौधरी ने वाराणसी के धार्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि बिजली कटौती से जनता काफी परेशान है।

मुख्यमंत्री ने बिजली की किल्लत की बात कहते हुए उनके विधानसभा क्षेत्र को कटौतीमुक्त करने की पेशकश की लेकिन चौधरी पूरे शहर को कटौतीमुक्त करने पर अड़ गए।

मुख्यमंत्री ने भाजपा नेताओं से कहा कि वे सहयोग के लिए तैयार हैं लेकिन प्रदेश में बिजली संकट को देखते हुए केंद्र सरकार को भी राज्य सरकार के साथ सहयोग करना चाहिए।

उन्होंने भाजपा नेताओं से बिजलीघरों को कोयले की आपूर्ति सामान्य कराने और यूपी को निर्धारित कोटे की पूरी बिजली उपलब्ध कराने में सहयोग मांगा।
विज्ञापन

भाजपा नेताओं ने दिया पैरवी का भरोसा

भाजपा नेताओं ने मुख्यमंत्री को आश्वस्त किया कि वे दिल्ली में इस संबंध में प्रभावी पैरवी करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने वाराणसी को कटौतीमुक्त बिजली आपूर्ति केआदेश दे दिए।

पावर कॉर्पोरेशन के प्रबंध निदेशक एपी मिश्र ने बताया कि मुख्यमंत्री के आदेश के बाद शाम सारनाथ एसएलडीसी को वाराणसी शहर की बिजली कटौती न करने के निर्देश दे दिए गए हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें