बछरावां (रायबरेली)। लखनऊ जिले के निगोहा और नगराम के बीच मदाखेड़ा की रेलवे क्रॉसिंग पर रविवार को सुबह ट्रक फंसने की वजह से ट्रेनों का आवागमन ठप हो गया। इससे जिले के बछरावां स्टेशन पर त्रिवेणी एक्सप्रेस को पौन घंटे और श्रीराजनगर स्टेशन पर बरेली एक्सप्रेस को आधे घंटे तक रोकना पड़ा। ट्रक हटने के बाद आवागमन बहाल हुआ तो ट्रेनों को रवाना किया गया। ट्रेनों के देर तक रुकने से यात्रियों को परेशानी हुई।
लखनऊ-रायबरेली रेल लाइन पर निगोहा स्टेशन के निकट मदाखेड़ा गांव की रेलवे क्रॉसिंग से एक ट्रक निकल रहा था, तभी ट्रक अचानक रेलवे ट्रैक पर ही खड़ा हो गया। किसी भी तरह ट्रक नहीं निकल सका। ट्रक को बाहर किए बगैर क्रॉसिंग बंद करना और सिग्नल देना संभव नहीं था। इसलिए लखनऊ-रायबरेली रेल मार्ग पर दौड़ रही ट्रेनों को आसपास के स्टेशनों पर रोका गया। सिंगरौली से टनकपुर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस बछरावां स्टेशन पर 52 मिनट देरी से पहुंची, जिसे करीब पौन घंटे तक रोका गया तो लेटलतीफी बढ़कर पौने दो घंटे हो गई।
प्रयागराज-बरेली एक्सप्रेस श्रीराज नगर स्टेशन पर लगभग आधे घंटे तक रोकी गई। यह गाड़ी करीब डेढ़ घंटे लेट चल रही थी, जिसकी लेटलतीफी बढ़कर दो घंटे से ज्यादा हो गई। ऐसा ही हाल लखनऊ से बछरावां की ओर आ रही ट्रेनों का रहा। लखनऊ से गिनोहा तक ट्रेनों को रोक कर या फिर धीमी रफ्तार से चलाया गया। इससे ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ी।
स्टेशन अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मदाखेड़ा गांव की क्रॉसिंग पर ट्रक फंसने की वजह से आवागमन बाधित रहा, जिससे ट्रेनों को रोका गया। आवागमन बहाल होने पर ट्रेनें रवाना कर दी गईं।
नौचंदी, पद्मावत और पैसेंजर ट्रेन की लेटलतीफी ने रुलाया
रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली ज्यादातर ट्रेनें विलंब से पहुंची, जिससे यात्रियों को कई घंटों तक इंतजार करना पड़ा। रविवार को सहारनपुर-प्रयागराज नौचंदी एक्सप्रेस दो घंटे, दिल्ली-प्रतापगढ़ पद्मावत एक्सप्रेस ढाई घंटे, लखनऊ-प्रयागराज पैसेंजर तीन घंटे, चंडीगढ़-प्रयागराज ऊंचाहार एक्सप्रेस पौने दो घंटे, प्रयागराज-चंडीगढ़ ऊंचाहार एक्सप्रेस सवा घंटे, देहरादून-बनारस जनता मेल, लखनऊ-वाराणसी इंटरसिटी एक्सप्रेस पौन घंटे और बनारस-देहरादून जनता मेल पौन घंटे देर से आई।
शनिवार देर रात प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस सवा चार घंटे, नई दिल्ली-बनारस काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस सवा तीन घंटे, वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस सवा दो घंटे, बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस दो घंटे, कानपुर-रायबरेली पैसेंजर डेढ़ घंटे, प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर सवा घंटे देर से आई। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि सभी ट्रेनें पिछले स्टेशनों से लेट होने के कारण विलंब से पहुंची है।