रायबरेली जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार की भोर रायबरेली-कानपुर हाईवे पर बजरंग नगर के पास ट्रक और टेम्पो की जोरदार भिड़ंत में टेम्पो सवार नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि जलनिगम का एक पंप आपरेटर गंभीर रूप से घायल हो गया।
टेम्पो सवार 10 लोग पूजा कार्यक्रम में हिस्सा लेकर लालगंज से लौट रहे थे। टेम्पो सवार सात लोगों ने मौके पर,जबकि एक की जिला अस्पताल और दूसरे की लखनऊ ट्रामा सेंटर पहुंचते ही मौत हो गई। पंप आपरेटर की हालत नाजुक होने पर लखनऊ रेफर किया गया है।
शहर से सटे बजरंग नगर के पास सुबह करीब चार बजे लालगंज की ओर से आ रहे टेम्पो और रायबरेली से कानपुर की ओर जा रहे ट्रक में भिड़ंत हो गई।
शीशा तोड़कर टेम्पो से बाहर निकाले गए लोग
ट्रक से टकराकर टेम्पो के परखच्चे उड़ गए, जिससे उस पर सवार सभी 10 यात्री फंस गए। घायलों की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने टेम्पो में फंसे लोगों को शीशा तोड़कर बाहर निकाला, लेकिन तब तक सात लोगों की मौत हो चुकी थी। तीन घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक और ने दम तोड़ दिया। दो को लखनऊ रेफर किया गया, जहां एक की ट्रामा सेंटर पहुंचते ही मौत हो गई, जबकि पूरे मतौली मजरे भांव निवासी पंप आपरेटर विजय बहादुर का लखनऊ में इलाज चल रहा है।
एसपी मोहित गुप्ता ने बताया कि टेम्पो सवार सभी लोग किसी पूजा में शामिल होने के लिए लालगंज गए थे। वहां से लौटते समय यह हादसा हो गया। ये सभी किसान व श्रमिक थे। टेम्पो में टक्कर मारने वाले ट्रक की तलाश की जा रही है।
हादसे में इन लोगों ने गंवाई जान
नायब तहसीलदार रामशंकर वर्मा के मुताबिक भदोखर थाना क्षेत्र के एकौना निवासी टेम्पो चालक शिवचंद्र साहू (30), कचौंदा मोहद्दीनपुर निवासी सहदेव (50), भोला का पुरवा निवासी अमरपाल (45), कचौंदा निवासी राम पियारे मौर्या (45), पूरे फजा मजरे भांव निवासी हरिश्चंद्र मौर्या (44), कांटीहार लोनिया निवासी राम सिंह (46), रायपुर महेरी निवासी बिंदादीन साहू (50) की मौके पर मौत हो गई।
अनुरुद्घपुर निवासी रामहर्ष (55) की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान, जबकि रायपुर महेरी निवासी हरिश्चंद्र (45) ने लखनऊ ट्रामा सेंटर पहुंचते ही दम तोड़ दिया।