लखनऊ में गोसाईंगंज इलाके के शहीद पथ पर यूपी-112 के सामने एक ट्रक ने कार सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल दो युवकों को पुलिस ने लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस उनकी पहचान कराने में जुटी है।
प्रभारी निरीक्षक गोसाईंगंज धीरेंद्र कुमार उपाध्याय के मुताबिक, रात करीब 12 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने कार सवार युवकों को टक्कर मार दी।
हादसे में कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक अंदर फंस गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार शहीद पथ से हटवाकर पड़ताल शुरू कर दी थी।