नशे में धुत ट्रक चालक ने युवक को रौंदा, कार समेत कई वाहन में मारी टक्कर
सरोजनीनगर थानाक्षेत्र में ट्रांसपोर्टनगर इलाके में शनिवार रात नशे में धुत चालक ने अंधाधुंध गति से ट्रक चलाकर बाइक सवार दवा कंपनी के प्रतिनिधि 32 वर्षीय मनीष सिंह को रौंद दिया।
भागने की कोशिश में ट्रक ने एक कार समेत पांच बाइक में टक्कर मार दी। हादसे से सड़क पर कोहराम मच गया।
मौके से भागने की कोशिश कर रहे चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है। मनीष को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इंस्पेक्टर प्रमेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि हादसा ट्रांसपोर्टनगर के पास पार्क नंबर आठ पर हुआ।
मनीष सिंह वाराणसी का रहने वाला है और बाइक से कहीं जा रहा था तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उसे कुचल दिया। मनीष की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद भागने की कोशिश में ट्रक चालक ने एक कार और पांच अन्य बाइक में भी टक्कर मारी। बाइक सवार दीपक, कमल सिंह, शुभम, प्रकाश, विजय और जय बाल-बाल बच गए जबकि उनके वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए।
इंस्पेक्टर ने बताया कि ट्रक चालक बुरी तरह से शराब के नशे में है। उससे पूछताछ की जा रही है। मनीष के परिवारीजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।