चिनहट। बीबीडी इलाके के सतरिख सड़क स्थित जुग्गौर में आञ्जनेय पावर प्रोग्रेस फैक्टरी परिसर के अंदर शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे वाहन पर चढ़कर तिरपाल हटाते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से ट्रक चालक (32) की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के रायसेल शाहीदपुर गैरतगंज निवासी दिलीप शुक्रवार को रायबरेली स्थित श्री गणेश इंटर प्राइजेज फैक्टरी से सोलर पैनल लोड कर आञ्जनेय पावर प्रोग्रेस फैक्टरी में पहुंचा था। परिसर में वाहन खड़ा करने के बाद दिलीप तिरपाल हटाने के लिए ट्रक के ऊपर चढ़ गया। इसी दौरान ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइन उनके सिर से छू गई, जिससे वह करंट लगने से अचेत होकर नीचे गिर पड़े। आनन-फानन में कर्मचारियों ने उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया। लोहिया अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर राम सिंह के मुताबिक, वाहन स्वामी अमरपाल यादव से संपर्क कर मृतक के परिजनों को जानकारी दी गई। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।