काकोरी। मोहान रोड पर मंगलवार सुबह सड़क पार करते वक्त छात्रा सुहानी को ट्रिपलिंग कर रहे बाइक सवार ने टक्कर मार दी।
हादसे में जख्मी सुहानी और बाइक चालक करन को ट्राॅमा में भर्ती कराया गया, जहां बुधवार सुबह छात्रा की मौत हो गई, जबकि करन की हालत नाजुक बनी हुई है। सुहानी झंडारोहण में शामिल होने स्कूल जा रही थी।
उन्नाव के हसनगंज मीरखेड़ा निवासी पुत्ती लाल के मुताबिक, बेटी सुहानी मोहान रोड स्थित न्यू सेंट्रल स्कूल में 12वीं की छात्रा थी।
झंडारोहण में शामिल होने सुबह करीब आठ बजे चचेरी बहन श्वेता के साथ निकली थी। न्यू सेंट्रल स्कूल मोहान रोड पुरैना मोड़ के पास टैक्सी से उतरकर दोनों बहनें सड़क पार कर रही थीं।
इस दौरान ही सुहानी को सामने से बेकाबू बाइक ने टक्कर मार दी थी। हादसे में जान गंवाने वाली छात्रा के परिवार में मां विमलेश आशा बहू है। तीन बहनें दीक्षा, प्रियांशी और वर्तिका है।