लखनऊ। ट्रांसपोर्टनगर फिटनेस सेंटर अगले हफ्ते शुरू करने की तैयारियां जोरों से पूरी की जा रही हैं। इससे वाहन मालिकों को फिटनेस के लिए बीकेटी एटीएस तक दौड नहीं लगानी पड़ेगी।
बीकेटी में ऑटोमेटेड टेस्टिंग सिस्टम (एटीएस) शुरू होने के बाद ट्रांसपोर्टनगर के इंस्पेक्शन एंड सर्टिफिकेशन सेंटर (आईएनसी) को बंद कर दिया गया था। एटीएस पूरी तरह से निजी एजेंसी चला रही है, जबकि आईएनसी में संसाधन परिवहन विभाग उपलब्ध कराता था और संचालन निजी एजेंसी कर रही थी।
आईएनसी बंद होने से अब आवेदकों को वाहनों की फिटनेस के लिए बीकेटी एटीएस जाना पड़ रहा है। इसके लिए न केवल अधिक दूरी तय करनी पड़ रही है, बल्कि वाहन मालिकों का खर्च भी बढ़ गया है। इस मुद्दे को लेकर हाल ही में ट्रांसपोर्टरों ने एआरटीओ प्रशासन प्रदीप कुमार सिंह से मुलाकात की थी। इसके बाद ट्रांसपोर्टरों की मांग पर ही ट्रांसपोर्टनगर के फिटनेस सेंटर को दोबारा खोलने की तैयारी की जा रही है।
उम्मीद जताई जा रही है कि अगले हफ्ते से यह शुरू हो जाएगा। इतना ही नहीं, बीकेटी एटीएस में प्रतिदिन 65 स्लॉट हैं, जबकि ट्रांसपोर्टनगर आइएनसी में 120 स्लॉट हुआ करते थे। दोबारा खुलने पर भी इतने ही स्लॉट होंगे, जिससे लखनऊ में प्रतिदिन 185 वाहनों की फिटनेस हो सकेगी।