लखनऊ। आवेदकों की सुविधा के लिए 23 अक्तूबर को ट्रांसपोर्टनगर स्थित आरटीओ कार्यालय में विशेष परिवहन मेला लगाया जाएगा। आरटीओ प्रशासन अरुण कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि वाहन स्वामियों को तमाम सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी। लंबित मामलों का त्वरित निस्तारण कर बकाया राजस्व की वसूली भी की जाएगी। यहां वाहन कर व बकाया राशि जमा करने के साथ पात्र मामलों में पेनाल्टी छूट का लाभ भी मिलेगा। नए वाहनों का पंजीकरण, कागजातों का सत्यापन, फिटनेस सर्टिफिकेट, परमिट का नवीनीकरण और स्क्रैपेज पॉलिसी के तहत नए वाहन पंजीकरण में सहायता दी जाएगी। आरसी में मोबाइल नंबर का अपडेट, वाहन ट्रांसफर, एचएसआरपी लगवाने की प्रक्रिया और निजी गाड़ी को व्यावसायिक में बदलने से जुड़ी औपचारिकताएं भी पूरी कराई जाएंगी।