लखनऊ। रेलवे के चीफ क्रू कंट्रोलर रतन कुमार का स्थानांतरण कर दिया गया है। वह उस वक्त चर्चा में आए थे, जब लोको पायलट राजेश मीणा ने बवासीर की बीमारी दिखाने के लिए अपने कपड़े उतार दिए थे और उसका वीडियो वायरल हो गया था।
हालांकि, रेलवे ने इसे एक सामान्य प्रशासनिक स्थानांतरण बताया है। यह घटना उत्तर रेलवे लखनऊ की लॉबी में हुई थी, जिसका वीडियो तीन मार्च को देशभर में वायरल हो गया था। राजेश मीणा ने आरोप लगाया था कि उन्हें बवासीर है और मंडलीय रेल अस्पताल में उपचार से राहत नहीं मिल रही थी। उन्होंने 22 से 28 फरवरी तक निजी अस्पताल में उपचार कराया था, लेकिन सर्जरी के एक सप्ताह बाद भी घाव ठीक नहीं हुआ था।
छुट्टी बढ़ाने के लिए वे रेलवे हेल्थ यूनिट पहुंचे, जहां डॉक्टर ने सिक मेमो लाने को कहा था। वह हफ्तेभर की सिकलीव के लिए चीफ क्रू कंट्रोलर के पास पहुंचे थे, जहां यह घटना घटी थी। ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन ने इस घटना को लेकर देश भर में संदेश जारी किया है। वहीं, रेलवे की जांच कमेटी ने लोको पायलट को सेवा नियमावली का उल्लंघन करने का दोषी पाया था।