लखनऊ। मोहनलालगंज-रायबरेली रेलखंड पर कनकहा स्टेशन के पास बृहस्पतिवार दोपहर कलंदरखेड़ा गांव के पास पेड़ काटने में लापरवाही से यूकेलिप्टस का पेड़ ट्रैक पर गिर गया। इससे ओएचई (हाईटेंशन लाइन) टूट जाने से ट्रेनों के पहिए थम गए और पंजाब मेल, जनता एक्सप्रेस सहित दो मालगाड़ियों का संचालन प्रभावित हुआ।
जीआरपी ने बताया कि रेलवे लाइन के किनारे स्थित एक किसान के खेत में लगे यूकेलिप्टस पेड़ को प्राइवेट ठेकेदार देवीखेड़ा निवासी शिवराज कटवा रहे थे। इसमें लापरवाही के कारण पेड़ ओएचई पर गिर गया। इससे धमाके के साथ लाइन टूट गई और बिजली की सप्लाई बंद हो जाने से ट्रेनों को रास्ते में ही रोकना पड़ा। आनन-फानन कनकहा स्टेशन मास्टर राहुल कुमार को सूचना दी गई, जिन्होंने कंट्रोल रूम को सूचित किया। मौके पर रेलवे की टीम पहुंची और पेड़ को ट्रैक से हटाया। इसमें दो से तीन घंटे लग गए। इस दौरान गाड़ी संख्या 13006 हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल, 15119 बनारस-देहरादून जनता एक्सप्रेस सहित दो मालगाड़ियों का संचालन प्रभावित हुआ। शाम को ट्रेनों का संचालन बहाल हुआ। रेलवे प्रशासन खेत मालिक व ठेकेदार पर मुकदमा कराने की बात कह रहा है।
ये ट्रेनें भी हुईं लेट
उधर, परिचालन संबंधी कारणों से नौ ट्रेनें देरी की शिकार हुईं। इसमें 22411 अरुणाचल एसी सुपरफास्ट पौने पांच घंटे, 14242 नौचंदी एक्सप्रेस सवा तीन घंटे, 15909 अवध आसाम एक्सप्रेस सात घंटे, 12212 आनंदविहार मुजफ्फरपुर गरीबरथ साढ़े पांच घंटे, 13414 फरक्का एक्सप्रेस सवा तीन घंटे, 15066 गोरखपुर एक्सप्रेस आठ घंटे, 18103 अमृतसर जलियावाला बाग एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, 05284 मुजफ्फरपुर स्पेशल सवा पांच व 09406 पटना स्पेशल पांच घंटे देरी की शिकार हुई।