पद्मावत, नौचंदी, पंजाब मेल समेत कई गाड़ियां रहीं लेट
संवाद न्यूज एजेंसी
रायबरेली। एक तरफ गर्मी अपना असर दिखा रही है, वहीं ट्रेनों की लेटलतीफी भी बढ़ गई है। इसका खामियाजा यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। खासकर लखनऊ की ओर से आने वाली ज्यादातर गाड़ियां छह घंटे से ज्यादा लेट रहीं, जिससे सफर करने वाले यात्रियों को परेशानी हुई। स्टेशन पर इंतजार कर रहे यात्रियों को भी काफी दिक्कत हुई। पानी के लिए नलों की टोटियों पर धक्कामुक्की भी नजर आई।
बृहस्पतिवार को दिल्ली से प्रतापगढ़ जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस सवा छह घंटे लेट होने के कारण सुबह के बजाए दोपहर में आई। यही हाल सहारनपुर से प्रयागराज संगम जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस का भी रहा। साढ़े पांच घंटे देर से पहुंचने वाली यह गाड़ी सुबह के बजाए दोपहर में आई। अमृतसर से हावड़ा जाने वाली पंजाब मेल सवा पांच घंटे और देहरादून से बनारस जाने वाली जनता मेल साढ़े तीन घंटे विलंब से आई। जम्मूतवी से पटना जाने वाली अर्चना एक्सप्रेस पांच घंटे विलंब से पहुंची, जिसके लिए यात्रियों को काफी इंतजार करना पड़ा। शक्ति नगर से टनकपुर जाने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस पौने चार घंटे लेट रही। स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही नलों की टोटियों पर यात्री टूट पड़े। पानी भरने को लेकर धक्कामुक्की होती रही।
इनसेट
ट्रेनों में पकड़े 40 बेटिकट यात्री, वसूला जुर्माना
रायबरेली। रेलगाड़ियों में बिना टिकट यात्रा करने वाले लोगों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। वैसे तो स्टेशन पर रोजाना चेकिंग होती है और गाड़ियों में भी छापा मारा जाता है, लेकिन इस समय सफर के दौरान भी चेकिंग कराई जा रही है। बृहस्पतिवार को सीएमआई डीडी शुक्ला और सीआईटी अजय सिंह के नेतृत्व में पांच सदस्यीय दल ने चेकिंग की। सीएमआई ने बताया कि दल ने 40 बेटिकट यात्रियों को पकड़ा, जिनके टिकट बनाने के साथ ही जुर्माना भी वसूल किया गया। दल में टिकट चेकिंग स्टाफ से विपिन पांडेय, राज बहादुर, अशोक यादव भी शामिल रहे। इस दल ने रायबरेली स्टेशन से जनता मेल पर सवार होकर प्रतापगढ़ तक चेकिंग की, फिर प्रतापगढ़ से अमेठी तक काशी विश्वनाथ में और अमेठी से रायबरेली तक पद्मावत एक्सप्रेस में चेकिंग अभियान चलाया।
इनसेट
विवेक फिर बने कमेटी के सदस्य
रायबरेली। जिले के तुलसी नगर निवासी डाॅ. विवेक कुमार शुक्ला को रेलवे बोर्ड ने फिर जोनल रेलवे यूजर्स कंसलटेटिव कमेटी (जेडआरयूसीसी) में सदस्य बना दिया है। डाॅ. विवेक ने बताया कि उन्हें पुन: सदस्य बनाए जाने के संबंध में उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक की ओर से पत्र भेजा गया है। वह चौथी बार जेडआरयूसीसी के सदस्य बनाए गए हैं।