मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी।
- फोटो : amar ujala
प्रदेश में वर्ष 2021-22 के लिए ग्राम पंचायत विकास योजना तैयार में शामिल होने वाले कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्य सचिव राजेंद्र कुमार तिवारी ने बृहस्पतिवार को इससे जुड़े विभाग को एक-एक नोडल अधिकारी नामित करने के लिए निर्देश दिए। ये अधिकारी अपने विभाग से संबंधित गतिविधियों की मॉनिटरिंग के लिए उत्तरदायी होंगे। वह 2 अक्तूबर 2020 से 31 जनवरी 2021 के बीच चलने वाले जनयोजना अभियान के संचालन के संबंध में आयोजित बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।
उन्होंने कहा, ग्राम सभा की बैठकों और उनमें भाग लेने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समय सारणी एवं रोस्टर पहले से बना लिया जाए। जिससे वार्षिक कार्ययोजना समय से तैयार की जा सके। संबंधित विभाग अपने कार्मिकों के लिए संक्षिप्त गाइडलाइन भी तैयार कर सकते हैं, जिससे उन्हें पता चले कि बैठकों में उन्हें क्या करना है।
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत की संरचनात्मक, आर्थिक एवं मानव विकास के सूचकांकों के आधार पर रैंकिंग की जाएगी। इससे ग्राम सभा की बैठकों में विकास में आ रही कमियों को दूर करने के संबंध में प्रभावी कार्यवाही की जा सके। इससे पहले अपर मुख्य सचिव ग्राम्य विकास एवं पंचायती राज मनोज कुमार सिंह ने जन योजना अभियान के आयोजन और ग्राम पंचायत विकास योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। निदेशक, पंचायती राज किंजल सिंह ने प्रजेंटेशन के माध्यम से प्रस्तावित कार्यों के बारे में अवगत कराया।