लखनऊ। कामाख्या जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए गोमतीनगर से नई ट्रेन जल्द शुरू की जाएगी। रेलवे बोर्ड ने इसके प्रस्ताव पर सहमति जताई है। 18 जनवरी को इस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई जा सकती है।
जल्द ही ट्रेन की सूचना व समयसारिणी जारी होगी। गोमतीनगर स्टेशन अपग्रेड करने के साथ यहां ट्रेनों की संख्या बढ़ाने का काम लगातार जारी है। इसके तहत ही डिब्रूगढ़ से कामाख्या होते हुए गोरखपुर, अयोध्या धाम, गोमतीनगर तक नई ट्रेन चलाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। रेलवे बोर्ड की सहमति के बाद पूर्वोत्तर रेलवे रैक के इंतजाम में जुट गया है। सूत्रों के अनुसार यह ट्रेन हफ्ते में एक दिन चलेगी। ट्रेन डिब्रूगढ़ से रात नौ बजे चलकर तीसरे दिन सुबह 7.15 बजे गोरखपुर, सुबह 10.10 बजे अयोध्या तथा दोपहर सवा एक बजे गोमतीनगर पहुंचेगी। गोमतीनगर से चलने का समय भी तय किया जाएगा। इस ट्रेन के पटरी पर उतरने से अयोध्या धाम और मां कामाख्या धाम जाने वाले श्रद्घालुओं को राहत हो जाएगी। ट्रेन में 22 कोच होंगे। इसमें जनरल, स्लीपर व एसी बोगियां शामिल रहेंगी।
26 से पुष्पक का ठिकाना होगा गोमतीनगर
लखनऊ जंक्शन से मुंबई के बीच चलने वाली वीआईपी ट्रेन पुष्पक एक्सप्रेस का नया ठिकाना गोमतीनगर स्टेशन होगा। 26 जनवरी से इस ट्रेन को गोमतीनगर शिफ्ट कर दिया जाएगा। गोमतीनगर से बादशाहनगर, सिटी, ऐशबाग के रास्ते होते हुए ट्रेन संचालित की जाएगी। ट्रेन की शिफ्टिंग की सारी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।