रेलवे की लापरवाह कार्यप्रणाली के चलते हजारों यात्रियों की जान जोखिम में पड़ रही है। बाराबंकी जिले में सैदखानपुर रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को बगैर ब्लॉक लिए पटरी सही करने का काम शुरू किया गया। इस दौरान एक ट्रेन भी कटी पटरी से निकल गई।
जनपद में फैजाबाद रेल खंड के सैदखान पुर रेलवे स्टेशन के पास के 1039 किमी संख्या के खंभा 5-7 के बीच पर सोमवार को पुरानी पटरी को बदल कर नयी पटरी बदलने का काम होना था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि यहां पर बगैर ब्लाक लिए दोपहर करीब 12.30 बजे लोहा काटने वाली आरी द्वारा पटरी को काटने का काम शुरू किया गया। करीब एक घंटे की मेहनत के बाद यानी 1.30 बजे दोनों तरफ से पटरी को काट कर उसे मात्र एक एक बोल्ट के सहारे प्लेट द्वारा रेल पथ से बांधा गया।
बताते है कि इस दौरान एक यात्री ट्रेन भी इससे निकली। पटरी बदलने का काम करवाने वाले रेलवे के जेई गुफरान का कहना है कि पटरी बदलने का काम सही तरीके से हुआ है।