होली मनाने के लिए लखनऊ आने वाले यात्रियों को ट्रेनों में सीटें नहीं मिल रही हैं। वहीं होली बाद जॉब पर लौटने में भी मुश्किलें उठानी पड़ेंगी। यात्रियों की भीड़ देखते हुए स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं, लेकिन उनमें भी सीटों की मारामारी शुरू हो गई है। कई ट्रेनों में वेटिंग चार सौ के पार पहुंच गई है।
होली दो मार्च को मनाई जाएगी। राजधानी में रहने वाले परिजनों संग त्यौहार मनाने के लिए दिल्ली व मुंबई से आ रहे हैं। पर, खास बात ये है कि दिल्ली व मुंबई में काम करने वाले लोगों की एक बड़ी संख्या ट्रेनों में सीटें न मिलने की वजह से लखनऊ नहीं पहुंच पा रही है।
रुटीन ट्रेनों की वेटिंग इनका रास्ता रोक रही है। दिल्ली से लखनऊ आने वाली प्रमुख ट्रेनों एसी एक्सप्रेस, शताब्दी एक्सप्रेस व लखनऊ मेल में पैर रखने तक की जगह नहीं है। यही हाल मुंबई से लखनऊ आने वालों का भी है।
उन्हें पुष्पक व कुशीनगर एक्सप्रेस सरीखी प्रमुख ट्रेनों सहित अन्य में रिजर्वेशन तक नहीं मिल पा रहा है। दिल्ली से लखनऊ आने वाले यात्रियों की 26 फरवरी को एसी एक्सप्रेस (12430) की थर्ड एसी में वेटिंग 46 पहुंच गई है।
ऐसे ही 27 व 28 फरवरी को वेटिंग 105 व 233 है। शताब्दी एक्सप्रेस (12004) में 26, 27 व 28 फरवरी को यह वेटिंग 94, 81 व 84 है। ऐसे ही प्रमुख ट्रेन लखनऊ मेल (12230) में इन तीन तारीखों पर थर्ड एसी की वेटिंग जहां 31, 69 व 157 है। वहीं स्लीपर क्लास में वेटिंग 196, 215 व 440 पहुंच गई है।
ऐसे ही मुंबई से लखनऊ आने वाले भी परेशान हैं। पुष्पक एक्सप्रेस (12534) में 26 से 28 तक की वेटिंग 21, 18 व 23 है। स्लीपर श्रेणी में यह वेटिंग 392, 401 व 400 है। वहीं कुशीनगर एक्सप्रेस (11015) में थर्ड एसी की वेटिंग 26 से 28 तक 20, 18 व 23 है तो स्लीपर की वेटिंग 136, 105 व 100 पहुंच गई है। स्पेशल ट्रेनों की हालत भी बदतर है।