कोहरे की मार का असर सोमवार को विमान सेवा और ट्रेनों पर पड़ा। दिल्ली से लखनऊ आने वाली इंडिगो की उड़ान निरस्त कर दी गई। 12 विमान, चार घंटे तक देरी का शिकार हुए। जयनगर से दिल्ली जाने वाली स्पेशल ट्रेन 27 घंटे बाद लखनऊ जंक्शन पहुंची। इससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
04005 जयनगर-दिल्ली स्पेशल ट्रेन 27 घंटे, 05283 मनिहारी जयनगर स्पेशल ट्रेन 20 घंटे, 05284 जयनगर मनिहारी स्पेशल ट्रेन 14 घंटे, 09044 भगत की कोठी मुंबई स्पेशल ट्रेन ढाई घंटे, 04037 गरीबरथ स्पेशल ट्रेन तीन घंटे, 12370 देहरादून हावड़ा स्पेशल ट्रेन पौने ग्यारह घंटे, 12332 हिमगिरी एक्सप्रेस चार घंटे व 15128 नई दिल्ली वाराणसी स्पेशल तीन घंटे देरी की शिकार हुई।
कोहरे के चलते ट्रेनों की लेटलतीफी जगजाहिर है। लेकिन स्पेशल ट्रेनें, नियमित ट्रेनों के मुकाबले ज्यादा देरी से चल रही हैं। जबकि इन ट्रेनों का किराया सामान्य से डेढ़ गुना तक महंगा होता है। दरअसल, मेल-एक्सप्रेस व सुपरफास्ट ट्रेनों के संचालन को प्राथमिकता दी जाती है। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों को रोकना भी पड़ता है। कोहरा, उस पर ऐसी कवायदों के चलते लेटलतीफी बढ़ी है।
ट्रेनों की लेटलतीफी का लाभ परिवहन विभाग को मिल रहा है। लखनऊ के चारों बस अड्डों अवध, चारबाग, आलमबाग व कैसरबाग से रवाना होने वाली बसों में यात्रियों की भीड़ नजर आ रही है। लखनऊ से पूर्वांचल के जिलों, कानपुर, वाराणसी, प्रतापगढ़ आदि रूटों की बसें फुल चल रही हैं।