लखनऊ। ग्रीन कॉरिडोर को किसान पथ से जोड़ने के दौरान शहीद पथ पर आवागमन बाधित नहीं होगा। निर्माण कार्य चलते रहने के बावजूद शहीद पथ पर ट्रैफिक सामान्य रूप से चलता रहेगा। समतामूलक से निशातगंज चौराहे तक ग्रीन कॉरिडोर शुरू होने के बाद जाम की स्थिति न बने, इसके लिए कुछ स्थानों पर यू-टर्न दिए जाएंगे और उनका ट्रायल भी कराया जाएगा।
यह निर्णय मंगलवार को एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार की अध्यक्षता में ग्रीन कॉरिडोर परियोजना और यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में लिया गया।
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के द्वितीय चरण के तहत पक्का पुल से समतामूलक चौराहे तक बंधा रोड, 6-लेन ब्रिज, फ्लाईओवर और आरओबी का निर्माण किया जा रहा है। इसके अंतर्गत समतामूलक, निशातगंज और हनुमान सेतु पर तीन नई रोटरी बनाई गई हैं। भविष्य में इस रूट के शुरू होने पर इन चौराहों पर ट्रैफिक बाधित न हो, इसे लेकर बैठक में
विस्तार से चर्चा की गई।
ग्रीन कॉरिडोर योजना की प्रोजेक्ट इंप्लीमेंटेशन यूनिट के प्रभारी एके सिंह सेंगर ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस के सुझाव पर हनुमान सेतु रोटरी का ड्रोन सर्वे कराया गया। यह सर्वे लगातार दो दिनों तक सुबह 10 और शाम 6 बजे के पीक ऑवर्स में किया गया, जिसमें रोटरी पर ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू पाई गई।
यहां यू-टर्न देकर नियंत्रित होगा ट्रैफिक
प्रोजेक्ट प्रभारी ने बताया कि निशातगंज और समतामूलक रोटरी पर ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए मौके पर परीक्षण किया गया। यातायात विभाग ने कुछ स्थानों पर सीधे मार्ग के बजाय यू-टर्न की व्यवस्था करने का सुझाव दिया है। इसके लिए ट्रायल कराया जाएगा। ट्रायल के नतीजों के आधार पर रूट खोलने से पहले आवश्यक बदलाव किए जाएंगे।
शहीद पथ पर आवागमन रहेगा जारी
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि ग्रीन कॉरिडोर के तृतीय और चतुर्थ चरण में समतामूलक चौराहे से किसान पथ तक बंधा रोड, फ्लाईओवर और ब्रिज का निर्माण किया जाना है। इसके तहत शहीद पथ पर इकाना स्टेडियम के पास फ्लाईओवर बनाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य के दौरान शहीद पथ पर ट्रैफिक बंद नहीं किया जाएगा, ताकि लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो।
उन्होंने बताया कि कार्य शुरू होने से पहले लोक निर्माण विभाग, सिंचाई विभाग और यातायात पुलिस के अधिकारियों के साथ संयुक्त सर्वे भी कराया जाएगा।
बैठक करते अधिकारी।