रायबरेली। लखनऊ की तरह शहर में जल्द ही यातायात व्यवस्था को सिग्नल से नियंत्रित किया जाएगा। इसके लिए शहर के तीन स्थानों पर लगाए गए इलेक्ट्रानिक ट्रैफिक सिग्नल का बृहस्पतिवार को ट्रायल शुरू कराया गया। इस माह सिग्नल से ट्रैफिक नियंत्रित होने की उम्मीद है।
नेशनल क्लीन एयर पॉल्यूशन कंट्रोल प्रोग्राम के तहत शहर के पुलिस लाइन, सिविल लाइन और डिग्री कॉलेज चौराहा पर इलेक्ट्रानिक ट्रैफिक सिग्नल लगाने का कार्य पूरा हो गया है। इन स्थानों पर खंभों के साथ उनमें लाइटें लगाई गई हैं।
शहर के तीनों प्रमुख चौराहों पर सुबह से शाम तक यातायात का भारी दबाव रहता है। इसके चलते लगने वाले जमा से वाहन चालक दिनभर परेशान होते है। इस समस्या के समाधान के लिए करीब पांच करोड़ की लागत से सिग्नल लगाए गए हैं।
कार्यदायी संस्था के इंजीनियरों की टीम ने इलेक्ट्रानिक ट्रैफिक सिग्नल का ट्रायल भी शुरू दिया है। टीम यह परखने में लगी है कि सिग्नल से रेड, यलो और ग्रीन लाइट होने का क्रम निर्धारित समय के मुताबिक है या नहीं। इस क्रम को बृहस्पतिवार को भी इंजीनियरों ने परखा।
ट्रायल पूरा होते ही काम करने लगेंगे सिग्नल
कार्यदायी संस्था के अधिकारी इलेक्ट्रानिक ट्रैफिक सिग्नल व्यवस्था का ट्रायल कर रहे हैं। सिग्नल की कार्यप्रणाली ठीक पाए जाने पर इसी माह नई व्यवस्था के तहत यातायात नियंत्रित किया जाने लगेगा।
-स्वर्ण सिंह, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका
हाईवे के दो चौराहों पर सिग्नल से लगाने की तैयारी
रायबरेली। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए लखनऊ-प्रयागराज हाईवे के दो स्थानों पर जल्द सिग्नल से ट्रैफिक कंट्रोल होगा। दोनों स्थानों पर सिग्नल लगाने को हरी झंडी मिल गई है। इसके साथ जेब्रा लाइन भी बनाई जाएगी।
लखनऊ-प्रयागराज हाईवे से प्रतिदिन लाखों वाहन गुजरते हैं। यातायात पुलिस के मुताबिक हाईवे पर दरियापुर, सई नदी पुल, बरगद चौराहा, सिविल लाइन, सारस और त्रिपुला चौराहा पर सबसे ज्यादा सड़क होते हैं। हादसों का प्रमुख कारण वाहनों की रफ्तार का अधिक होना पाया गया। इसलिए वाहनों की गति को नियंत्रित करने का इंतजाम किया जा रहा है।
यातायात पुलिस प्रभारी अजय सिंह तोमर के मुताबिक हाईवे पर होने वाले हादसे रोकने के लिए सारस और दरियापुर चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने का निर्णय लिया गया है। ये सिग्नल नगर पालिका परिषद की ओर से लगाए जाएंगे। इसके साथ दोनों चौराहों पर पैदल सड़क पार करने वालों के लिए ज्रेबा लाइन बनाई जाएगी।
सिग्नल लगाने के साथ यातायात पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती भी की जाएगी। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी स्वर्ण सिंह ने बताया कि हाईवे के दो चौराहों पर भी जल्द ट्रैफिक सिग्नल लगवाने की तैयारी की जा रही है। (संवाद)