सलोन (रायबरेली)। कस्बे में अतिक्रमण के कारण जाम की समस्या नासूर बन रही है। मंगलवार को सड़क की पटरियों पर ठेलिया और बाइकें खड़ी होने से जाम लगा रहा। पुलिसकर्मी बेबस दिखे। स्कूली बसें, कार, बाइक सवार लोग रेंगते हुए निकले। कस्बे में करीब चार घंटे तक जाम के हालात बन रहे।
सलोन कस्बे में मंगलवार और शनिवार को बाजार लगती है। इस कारण ठेलिया और स्थानीय दुकानदार सड़क की पटरियों तक दुकानें लगाते हैं। लोग बाइकें सड़क पर खड़ी कर खरीदारी करते हैं। मंगलवार को भी पटरियों पर दुकानें लगीं और लोग वाहनों को सड़क पर खड़ाकर खरीदारी करने में लगे रहे। इसका नतीजा यह हुआ कि सड़क पर जाम लग गया।
इसी बीच दोपहर करीब 12 बजे स्कूलों में छुट्टी हुई तो सड़क पर भीड़ और बढ़ गई। सड़कों पर वाहनों की कतार लगने से जाम बढ़ गया। ऐसी स्थिति में पुलिस भी जाम खुलवाने में जूझती रही। दोपहर 12 से दो बजे तक जाम इस कदर रहा कि सड़क पर पैदल चलना मुश्किल हो गया। इसके बाद पुलिस ने मशक्कत कर जाम को खुलवाया, लेकिन फिर दो बजे से चार बजे तक रुक-रुक तक जाम लगता रहा। शाम चार बजे के बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।
शिकायतों के बाद भी नहीं हटा अतिक्रमण
असल में कस्बे से सलोन-ऊंचाहार रोड, सलोन-रायबरेली मार्ग, सलोन-परशदेपुर मार्ग निकले हैं। इन मार्गों पर अतिक्रमण है, इससे जाम लगता है। स्थानीय लोगों ने कई बार अतिक्रमण हटवाने की मांग की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उप जिलाधिकारी मिथिलेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि जल्द अतिक्रमण हटवाया जाएगा।
ओवरब्रिज के नीचे से हटवाया अतिक्रमण
रायबरेली। खीरों ब्लॉक क्षेत्र के सेमरी चौराहा से निकले हाईवे पर बने ओवरब्रिज के नीचे हुए अतिक्रमण को एनएचएआई के अधिकारियों ने हटवाया दिया। यहां पर अतिक्रमण के चलते आए दिन लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ता था। ओवरब्रिज के नीचे बनी सर्विस रोड तक दुकानदार ठेलिया लगा लेते थे।
चालक बेतरतीब ई-रिक्शा खड़ा करते थे। इसके चलते आए दिन जाम लगता है। मंगलवार को एनएचएआई के मेंटीनेंस मैनेजर आरके दीक्षित और संजय शर्मा ने पुलिस प्रशासन की मदद से अतिक्रमण हटवाया। इससे लोगों को जाम की समस्या से राहत मिली। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी ने दोबारा अतिक्रमण किया, तो कार्रवाई की जाएगी।