हजरतगंज में ऑफिस व स्कूल छूटते वक्त लगने वाले जाम से निजात दिलाने की पहल प्रशासन ने शुरू की है। सोमवार से चारबाग और महानगर तक रोडवेज बस, बड़ी सिटी बस, भारी वाहनों का प्रवेश तीन घंटे तक प्रतिबंधित रहेगा।
इन वाहनों को डायवर्जन किया गया है। ट्रैफिक दबाव के चलते दोपहर 12 से तीन बजे तक भारी वाहनों का डायवर्जन किया गया है। शुक्रवार को एडीएम पूर्वी निधि श्रीवास्तव ने ट्रैफिक व परिवहन विभाग अफसरों संग बैठक निर्देश जारी किए।
शहर के व्यस्त चौराहों को सुधारने की कवायद शुक्रवार से शुरू हुई। इसके तहत रेड सिग्नल पर भी बाएं तरफ का ट्रैफिक चलता रहेगा।
इसके तहत फिलहाल हजरतगंज, निशातगंज, आईटी, रिंग रोड समेत अन्य चौराहों पर पहले चरण में बैरीकेडिंग लगाई गई है। एएसपी ट्रैफिक हबीबुल हसन का कहना है सिग्नल रुकने पर बाएं तरफ मुड़ने वाला भी ट्रैफिक थम जाता था। ऐसे में हर तरफ से जाम लगता है। जाम से निजात के लिए बैरीकेडिंग की गई है।
इधर से जाने पर रोक
•चारबाग से कैसरबाग, इंजीनियरिंग कॉलेज की ओर जाने वाले भारी वाहन केकेसी, बार्लिंग्टन की ओर।
•महानगर से चारबाग जाने वाले बड़े वाहन संकल्प वाटिका से हजरतगंज नहीं आएंगे।
•कैसरबाग बस अड्डे से बाराबंकी, फैजाबाद रोड पर जाने वाली बसें व अन्य वाहन क्लार्क अवध तिराहे से चिरैया झील, संकल्प वाटिका होकर नहीं जाएंगी।
इधर से जा सकेंगे
•चारबाग से भारी वाहन हुसैनगंज से बाएं मुड़कर कैसरबाग बस स्टैंड, परिवर्तन चौक आईटी होकर जाएंगे।
•महानगर से भारी वाहनों को संकल्प वाटिका से घूमकर बैकुंठ धाम, पीएनटी तिराहा, गांधी सेतु होते हुए एसएन ओवर ब्रिज, कुंवर जगदीश होते हुए।
•कैसरबाग बस अड्डे से बसें परिवर्तन चौक, हनुमान सेतु, आईटी चौराहे से दाहिने निशातगंज होते हुए।