दो पहिया पर तीन सवारी बैठाकर चलने पर अभी लोग 100 रुपये जुर्माना भरकर छूट जाते हैं और फिर वही गलती करते हैं। जून से यह गलती जेब पर भारी पड़ेगी। क्योंकि इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम बता देगा कि वाहन चालक ने दोबारा नियम तोड़ा है और उसे तीन गुना तक जुर्माना देना पड़ेगा।
इसी तरह मानक से तेज गति में वाहन चलाने पर ढाई गुना जुर्माना भरना पड़ेगा। शहर में इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम दो माह में शुरू हो जाएगा। उसके बाद बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले तुरंत पकड़ में आ जाएंगे और उनसे दो से तीन गुना तक जुर्माना वसूल किया जाएगा।
दरअसल, अभी किसने दोबारा ट्रैफिक नियम तोड़ा, यह पकड़ पाना आसान नहीं है। शहर में इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के तहत ट्रैफिक सर्विलांस, ट्रैफिक सिक्योरिटी, ई चालान, ट्रैफिक कमांड सेंटर पर प्रमुखता से काम किया जा रहा है।
आईटीएमएस सेंटर को स्मार्ट सिटी योजना में बनाए जा रहे इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर से भी कनेक्ट किया जाएगा। दो माह में सिस्टम शुरू होने के बाद कोई गाड़ी वाला दोबारा ट्रैफिक नियम तोड़ेगा तो आईटीएमएस सेंटर से तत्काल अलर्ट आ जाएगा। जैसे ही अलर्ट आएगा उसको दो से तीन गुना तक जुर्माना जमा करना पड़ेगा।
उसके बाद फिर नियम तोड़ने में पकड़ा जाएगा तो उसका ड्राइविंग लाइसेंस भी निरस्त कर दिया जाएगा। इसके साथ ही जो लोग जुर्माना नहीं जमा करेंगे उनकी गाड़ी के कागजात, बीमा और डीएल का नवीनीकरण भी नहीं किया जाएगा।
सर्वर से आ जाएगा अलर्ट
एएसपी ट्रैफिक पूर्णेंदु सिंह ने बताया कि आटीएमएस सिस्टम जून में लॉन्च हो जाएगा। उसके बाद बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा कसेगा। दूसरी बार पकड़े जाने पर अधिक जुर्माना भरना होगा। उसके बाद भी नहीं मानेंगे डीएल निरस्त हो जाएगा। नए सिस्टम में जैसे ही गाड़ी वाला पकड़ा जाएगा, सर्वर से अलर्ट आ जाएगा कि दूसरी या तीसरी बार नियम तोड़ा है।