लखनऊ। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की बुधवार को हुई कोर कमेटी की बैठक में तय हुआ कि जल पर कर का कोई कानून नहीं है। नगर निगम जल पर कर नहीं ले सकता। इस संबंध में जल्द ही सीएम योगी से मुलाकात की जाएगी।
दारुलशफा स्थित कार्यालय में हुई बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने कहा कि जल संसाधन विभाग जल पर कर नहीं ले सकता। सिर्फ उपभोग किए हुए जल का पैसा ले सकता है। इस संबंध में नगर विकास मंत्री और सीएम योगी से मुलाकात की जाएगी। बैठक में लगातार बढ़ रहे साइबर अपराधों के खिलाफ व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ को प्रभावी बनाने का भी फैसला हुआ। 12 से 27 दिसंबर के बीच में प्रदेश भर में समर्पण दिवस मनाने का फैसला लिया गया।
10 जनवरी को राजधानी में स्वदेशी अपनाओ और एक राष्ट्र एक चुनाव के संबंध में सम्मेलन कराने का फैसला हुआ। महानगर अध्यक्ष सुरेश छबलानी, प्रदेश संगठन मंत्री जावेद बेग, युवा नगर अध्यक्ष अश्विनी वर्मा, वरिष्ठ महामंत्री राजीव कक्कड़, महामंत्री अनुज गौतम, वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता, आदर्श अग्रवाल, रज्जन लाल आदि मौजूद रहे।