लखनऊ। सआदतगंज में हुए तिहरे हत्याकांड के पीड़ित तिवारी परिवार का दर्द करवा चौथ के पर्व पर छलक पड़ा। परिवार की महिलाओं की पीड़ा देख माहौल गमगीन हो गया। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष संदीप बंसल ने संगठन के पदाधिकारियों के साथ बृहस्पतिवार को परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
संदीप बंसल ने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार, व्यापार मंडल और पूरा व्यापारी समाज परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने बताया कि हत्याकांड में जान गंवाने वाले सुयश तिवारी बाजारखाला क्षेत्र में कारोबार करते थे और व्यापार मंडल से भी जुड़े थे। सआदतगंज और बाजारखाला उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने भी परिवार को हिम्मत बंधाई। मुलाकात के दौरान युवा महामंत्री शुभम मौर्य, महामंत्री दीपेश गुप्ता, बाजारखाला अध्यक्ष विकास सक्सेना, रमेश शुक्ला, सुनील साहू, रवि श्रीवास्तव, मनोज सक्सेना, चंद्रवीर सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।