लखनऊ। चिनहट के रोहित रेजीडेंसी में बुधवार देर रात को दबंगों ने आईआईटी की कोचिंग करने वाले छात्र को बंधक बनाकर पीटा। पिटाई के दौरान उसे सिगरेट से दागा गया और बिजली के कई झटके दिए। देर रात करीब डेढ़ बजे सूचना पर पुलिस ने दबिश दी तो छात्र को फ्लैट में बंद कर आरोपी भाग निकले। पुलिस ने पीड़ित को बाहर निकाला। पीड़ित की तहरीर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने देर शाम आरोपियाें को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, रुपये के लेनदेन का विवाद सामने आया है।
एडीसीपी पूर्वी एसएम कासिम आब्दी के मुताबिक, मूलरूप से गोंडा के परसपुर स्थित पुरैना निवासी मनोज दुबे का बेटा सत्यम दुबे चिनहट इलाके में रहता है। वह लखनऊ में आईआईटी की कोचिंग कर रहा है। बुधवार देर रात वह किसी दोस्त से मोबाइल का एडॉप्टर लेने रोहित रेजीडेंसी गया था। वहां उसे आकाश वर्मा, यश पांडेय, शोएब खान और जीतू पाठक मिले। सभी ने सत्यम से कहासुनी शुरू कर दी। इसके बाद उसे पीटने लगे। पीड़ित ने शोर मचाया तो आरोपियों ने उसे कमरे में बंद कर दिया। उसका मोबाइल, पर्स व एटीएम कार्ड रख लिया।
आरोपियों ने लात-घूसों और चप्पलों से उसकी जमकर पिटाई की। वह चीखने लगा तो मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। सत्यम के मुताबिक, आरोपियों ने जब उसे बंधक बनाया। उस वक्त आरोपी शराब व सिगरेट पी रहे थे। पिटाई के दौरान आरोपियों ने उसे कई बार सिगरेट से जलाया। शरीर के कई हिस्सों में सिगरेट से जलाने के निशान भी मिले हैं। आरोप है कि बिजली का झटका भी दिया जिससे वह कुछ देर के लिए बेहोश हो गया था। यह उसके साथ तीन से चार बार किया गया। रात करीब डेढ़ बजे आरोपी नशे में धुत थे। इस दौरान उसने मोबाइल से पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी।
पुलिस पहुंची तो कमरे में बंद कर भागे आरोपी
प्रभारी निरीक्षक चिनहट घनश्याम मणि त्रिपाठी के मुताबिक, सूचना पर करीब 15 मिनट में टीम ने रोहित रेजीडेंसी में दबिश दी। इस पर बदमाश सत्यम को फ्लैट में बंदकर भाग निकले। पुलिस ने फ्लैट नंबर 301 ए-2 का ताला तोड़कर सत्यम को बाहर निकाला और लोहिया अस्पताल भेजा। देर रात ही उसने आरोपियों के नाम बताए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने बंधक बनाने, मारने-पीटने व जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया था।
चारों आरोपी हिरासत में, पूछताछ
एडीसीपी पूर्वी एसएम कासिम आब्दी के मुताबिक, पुलिस टीम ने देर शाम चारों आरोपियों आकाश वर्मा, यश पांडेय, शोएब खान और जीतू पाठक को हिरासत में ले लिया गया है। पूछताछ की जा रही है। शुरूआती पूछताछ में रुपये के लेनदेन का मामला सामने आ रहा है। पुलिस इसके अलावा महिला मित्र, पुराने विवाद और अन्य पहलुओं पर भी पड़ताल कर रही है।