केवल प्रदेश में ही नहीं, बल्कि देश भर में राजधानी एक एजुकेशन हब के रूप में उभर कर सामने आ रही है। यहां की स्कूली शिक्षा की धाक देश भर में फैल रही है।
द लर्निंग प्वाइंट ने देश भर में काउंसलिंग फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन से संबद्ध आईएससी स्कूलों के प्रदर्शन के आधार पर एक सूची तैयार की है।
इस सूची में राजधानी के ला-मॉर्टीनियर गर्ल्स कॉलेज को चौथे पायदान पर रखा गया है। वहीं, सिटी मांटेसरी स्कूल की गोमतीनगर शाखा के छात्रों ने सर्वाधिक संख्या में 95 प्रतिशत से अधिक अंक पाने का कीर्तिमान हासिल किया है।
देश भर के टॉप 50 स्कूलों की सूची में राजधानी के पांच स्कूलों ने स्थान बनाया है। द लर्निंग प्वाइंट देश भर के विभिन्न आईआईटी के पूर्व छात्रों का एक ग्रुप है। इसने हाल ही में देश भर में संचालित आईएससी स्कूलों की एक रैंकिंग जारी की है।
इस रैंकिंग के लिए 2013 की परीक्षा में स्कूलों के नतीजों को आधार बनाया गया है। इस सूची में देहरादून के वैलहम गर्ल्स स्कूल वार्षिक परीक्षा में औसत 91.73 प्रतिशत अंकों के साथ टॉप पर रहा।
दूसरे नंबर पर मुंबई का द कैथेड्रल एंड जॉन कॉनन स्कूल (88.75) और तीसरे नंबर पर कोलकाता के मॉडर्न हाई स्कूल (88.59) ने जगह पाई। द लर्निंग प्वाइंट की इस सूची में 88.09 औसत अंकों के साथ राजधानी का ला-मॉर्टीनियर गर्ल्स कॉलेज चौथे स्थान पर रहा।
यहां से 2013 की परीक्षा में 164 स्टूडेंट्स शामिल हुए थे। इनमें से 71 ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। उधर टॉप 50 स्कूलों की इस सूची में राजधानी के सीएमएस गोमतीनगर को 15वें स्थान पर रखा गया है।
यहां से परीक्षा में 393 स्टूडेंट्स शामिल हुए थे। 86.54 औसत नतीजों के साथ स्कूल के 174 स्टूडेंट्स ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए। इसके अलावा, सेंट फ्रांसिस कॉलेज को 39वां स्थान, सेठ एम आर जयपुरिया कॉलेज को 42वां और लॉरेटो कॉन्वेंट कॉलेज को 45वां स्थान मिला।
ये रहे टॉप पर
- ला-मॉर्टीनियर गर्ल्स कॉलेज (4 रैंक)
- सीएमएस गोमतीनगर (15 रैंक)
- सेंट फ्रांसिस कॉलेज (39 रैंक)
- सेठ एम आर जयपुरिया कॉलेज (42 रैंक)
- लॉरेटो कॉन्वेंट कॉलेज (45 रैंक)