ओटीएस का आज अंतिम दिन, शाम सात बजे तक जमा होगा हाउस टैक्स
अमर उजाला ब्यूरो
लखनऊ। गृहकर एक मुश्त समाधान योजना का रविवार को अंतिम दिन है। अवकाश के बाद भी नगर निगम के सभी जोनल कार्यालयों में गृहकर जमा करने का काम होगा। टैक्स जमा करने का समय दो घंटे बढ़ा दिया गया है। अब सात बजे तक हाउस टैक्स जमा किया जाएगा। ओटीएस एक महीने और बढ़ने की संभावना है मगर शनिवार देर शाम तक उसका आदेश शासन से जारी नहीं हुआ था।
नगर निगम के मुख्य कर निर्धारण अधिकारी अशोक सिंह ने बताया कि ओटीएस योजना की अवधि 30 जून को समाप्त हो रही है। इसके बाद ओटीएस योजना का लाभ नहीं मिला पाएगा। इसके तहत अभी मार्च 2018 तक के बकाया पर 10 प्रतिशत की छूट और उसी अवधि का पूरा ब्याज माफ किया जा रहा है। टैक्स नगर निगम के वेबसाइट lmc.up.nic.in पर जाकर भी ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।