लखनऊ। रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना का लाभ लेने की इच्छुक लखनऊ विश्वविद्यालय और उससे संबद्ध महाविद्यालयों की छात्राओं के लिए आधार सत्यापन का अंतिम मौका दिया गया है। जिन छात्राओं ने अब तक अपना आधार वेरिफिकेशन नहीं कराया है, उन्हें मंगलवार को परीक्षा भवन में उपस्थित होकर सत्यापन कराना होगा। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि इसके बाद समय सीमा के भीतर सत्यापन नहीं कराने वाली पात्र छात्राएं योजना के लाभ से वंचित हो सकती हैं।
लखनऊ विवि के प्रवक्ता डॉ. मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि आधार सत्यापन की प्रक्रिया विवि के परीक्षा भवन में सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चलेगी। छात्राओं को आधार कार्ड, फाइनल ईयर का अंकपत्र, 12 लाख से कम वार्षिक आय का प्रमाणपत्र, उत्तर प्रदेश का मूल निवास प्रमाणपत्र और अपार /एबीसी आईडी की मूल प्रति और छायाप्रति साथ लानी होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पात्र छात्राओं से निर्धारित समय पर पहुंचकर प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी कराने को कहा है।
जानिए रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना के बारे में
उत्तर प्रदेश सरकार ने उच्च शिक्षा में छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रानी लक्ष्मीबाई स्कूटी योजना शुरू की है। वर्ष 2025-26 में स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं को योजना के तहत स्कूटी देने का प्रावधान है। चयन मेधावी छात्राओं की मेरिट के आधार पर किया जा रहा है। स्नातक स्तर की पढ़ाई पूरी करने वाली और 2025-26 में स्नातक उत्तीर्ण छात्राओं को योजना में शामिल किया जा रहा है। प्रत्येक संस्थान के स्नातक पासआउट बैच की शीर्ष 5 प्रतिशत छात्राओं को चयन में शामिल किया जा सकता है। परिवार की वार्षिक आय 12 लाख रुपये से कम होनी चाहिए।