लखनऊ। गोमतीनगर में हाईकोर्ट के सामने बारिश से होने वाले जलभराव को दूर करने के लिए 62 करोड़ रुपये से नाले को सुधारा जाएगा। काम एक सप्ताह में शुरू हो जाएगा। इसे बारिश के सीजन से पहले पूरा करने की योजना है।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि गोमतीनगर के विभूति खंड में हाईकोर्ट के पास बरसात के मौसम में होने वाले जलभराव के दृष्टिगत आईआईटी रुड़की व कई अन्य विभागों की संयुक्त टीम से सर्वे कराया गया था। इसमें प्राप्त सुझावों के आधार पर विनय खंड पांच से दयाल पैराडाइज चौराहे तक लगभग तीन किलोमीटर लंबे ईंट से बने नाले को उच्चीकृत कराया जाएगा। इसमें लगभग 62 करोड़ रुपये की लागत से नाले को आरसीसी बनाया जाएगा और रिपोर्ट के आधार पर डिजाइन और गहराई में सुधार किया जाएगा। इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो गई है।
शुरू होंगी पार्किंग, तीन हजार गाड़ियों को मिलेगी जगह
विभूति खंड में व्यावसायिक भूखंडों के बीच बनी नौ पार्किंग को अब एलडीए संचालित करेगा। इससे पार्किंग स्थल से अवैध अतिक्रमण हटेंगे और लोगों को व्यवस्थित रूप से सुविधा का लाभ मिलेगा। करीब तीन हजार दो पहिया गाड़ियां इनमें खड़ी हो सकेंगी। पार्किंगों के संचालन के लिए टेंडर जारी कर दिया गया है।
फ्लाईओवर के नीचे संचालित होगा स्पोर्ट्स एरीना
एलडीए वीसी ने बताया कि गोमतीनगर में ग्वारी फ्लाईओवर के नीचे स्पोर्ट्स एरीना विकसित की गई है। इसके संचालन के लिए आरएफपी (रिक्वेस्ट फाॅर प्रपोजल) जारी कर दी गई है। अगले महीने से लोग यहां बास्केटबॉल और बैडमिंटन कोर्ट आदि सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे। सीजी सिटी के उत्तरी भाग में गोल चौराहे से सुल्तानपुर रोड को जोड़ने वाली 45 मीटर चौड़ी मास्टर प्लान रोड का कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए रोड के अलाइनमेंट में आ रहे अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया जाएगा।
शहीद पथ के पास बनेंगे भूखंड
शहीद पथ की सर्विस रोड व एमआई अपार्टमेंट के बीच खाली जमीन अवैध कब्जे से मुक्त कराई जाएगी और वहां भूखंड बनाए जाएंगे। गोमतीनगर विस्तार के सेक्टर-6 में पीली कॉलोनी के पास पार्क बनाया जाएगा।