लखनऊ। उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल प्रशासन ने बेगमपुरा, बाघ एक्सप्रेस, एसी एक्सप्रेस, गरीबरथ सहित दर्जनभर ट्रेनों की समयसारिणी बदलने का निर्णय लिया है। यह टाइमिंग हाल ही में शुरू हुई नई ट्रेन 14624-23 छेहरटा वाराणसी छेहरटा सीर गोवर्धनपुर वाराणसी एक्सप्रेस के परिचालन के चलते बदली जा रही है। सितंबर से नवंबर के बीच ट्रेनों की बदली हुई समय सारिणी लागू कर दी जाएगी।
सीनियर डीसीएम समर्थ गुप्ता ने बताया कि गाड़ी संख्या 12237 वाराणसी जम्मूतवी बेगमपुरा एक्सप्रेस पहली नवंबर से वाराणसी स्टेशन से दोपहर 12:40 बजे की जगह दोपहर 12:25 बजे चलेगी। 13019 हावड़ा काठगोदाम बाघ एक्सप्रेस दो सितंबर से चारबाग स्टेशन पर रात 12:20 बजे की जगह रात 12:45 बजे पहुंचेगी। ऐसे ही 14673 जयनगर अमृतसर शहीद एक्सप्रेस दो नवंबर से लखनऊ स्टेशन पर रात 12:40 बजे की जगह रात 12:30 बजे पहुंचेगी। 14649 जयनगर अमृतसर सरयू यमुना एक्सप्रेस पहली नवंबर से लखनऊ स्टेशन पर रात 12:40 बजे की जगह रात 12:30 बजे पहुंचेगी।
इसी क्रम में 15624 कामाख्या भगत की कोठी एक्सप्रेस व गाड़ी संख्या 12353 हावड़ा लालकुआं वीकली एक्सप्रेस छह नवंबर से, गाड़ी संख्या 12371 हावड़ा बीकानेर वीकली सुपरफास्ट दो नवंबर से, 22541 बनारस आनंदविहार गरीबरथ एक्सप्रेस पहली नवंबर से लखनऊ स्टेशन पर रात 12:55 बजे की रात 12:40 बजे पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 54253 प्रयागराज संगम लखनऊ पैसेंजर पहली सितंबर से लखनऊ स्टेशन से रात 12:30 बजे की रात 12:20 बजे रवाना होगी। 19202 अयोध्या कैंट भावनगर एक्सप्रेस तीन नवंबर से लखनऊ स्टेशन पर रात डेढ़ बजे की जगह रात 12:40 बजे तथा 12430 नई दिल्ली लखनऊ एसी एक्सप्रेस सुबह 7:25 बजे की जगह सुबह 7:35 बजे चारबाग पहुंचेगी। 12357 कोलकाता दुर्गियाना एक्सप्रेस का भी समय बदलेगा।