बहराइच के कतर्नियाघाट रेंज के कोठियाघाट पुल के पास गेरुआ नदी के तट पर एक बाघिन चार शावकों के साथ दिखाई पड़ी। इस दौरान नेपाल से बिछिया आ रहे एक युवक ने मोबाइल में यह तस्वीर कैद कर ली। तस्वीर में एक शावक पानी पीते हुए दिखाई देे रहा है, जबकि बाघिन उनकी सुरक्षा को लेकर सतर्क नजर आ रही है। कुछ दिन पूर्व भी नदी के तट पर एक बाघ की पानी पीते हुए तस्वीर कैद की गई थी।
नेपाल के बर्दिया अंतर्गत लालीबाजार निवासी रमेश चाई किराने की दुकान करते हैं। वह प्रतिदिन दुकान का सामान खरीदने के लिए बिछिया बाजार आते-जाते हैं। रविवार की दोपहर वह दुकान के लिए सामान खरीदने बिछिया बाजार आ रहे थे।
इस दौरान कतर्नियाघाट रेंज अंतर्गत भारत-नेपाल सीमा पर स्थित कोठियाघाट पुल के पास गेरुआ नदी के तट पर एक बाघिन चार शावकों के साथ पानी पीने के लिए पहुंची दिखी। बाघिन के कुनबे को देखते ही रमेश सहम गए। हालांकि उन्होंने यह विहंगम दृश्य अपने मोबाइल में कैद कर लिया।