वैवाहिक समारोह में शामिल होने बाइक से त्रिमुहानी गांव जा रहे युवक पर बुधवार रात जंगल से अचानक निकले बाघ ने हमला कर दिया। जान बचाने के लिए युवक बाघ से भिड़ गया और करीब पांच मिनट तक उससे संघर्ष किया।
इस बीच युवक की चीखपुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बाघ को जंगल में खदेड़ दिया। ग्रामीणों ने युवक को सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के मुताबिक युवक की हालत नाजुक बनी हुई है।
कतर्नियाघाट संरक्षित वन क्षेत्र के मुर्तिहा रेंज अंतर्गत सेमरीघटही निबियापुरवा गांव निवासी नरेश (30) बुधवार रात साढ़े नौ बजे बाइक से त्रिमुहानी गांव में आयोजित वैवाहिक समारोह में जा रहा था। वह मुर्तिहा रेंज में सच्चिदानंद पाठक इंटर कॉलेज के निकट पहुंचा।