एक अप्रैल के मैच के दौरान कम दर्शक रहने के कारण आयोजकों ने दरें 30 से 57 प्रतिशत तक घटाने का किया फैसला
लखनऊ। बीती एक अप्रैल को लखनऊ सुपरजायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच मुकाबले के दौरान दर्शकों की कमी के चलते टिकट दरों में 30 से 57 प्रतिशत की कमी की गई है। इसके तहत ओपन स्टैंड, गैलरी और लाउंज की टिकट दरें कम की गई हैं। आयोजकों का मानना है कि इस फैसले से महंगे टिकट के चलते जो प्रशंसक अब तक मैच से दूरी बनाए हुए हैं, वे आने वाले मुकाबलों का लुत्फ उठा सकेंगे।
टिकटों के दाम कम होने से सात अप्रैल को इकाना स्टेडियम में लखनऊ और हैदराबाद की टीमों के बीच होने वाले मुकाबले दर्शकों की भीड़ बढ़ने की संभावना है। एक अप्रैल को लखनऊ सुपरजायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के मध्य मैच में तकरीबन 30 प्रतिशत दर्शक दीर्घा खाली रही थी। ऐसे में सात अप्रैल को लखनऊ सुपरजायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच होने वाले मुकाबले को हाउसफुल बनाने के लिए टिकटों की दरों में कमी करने का फैसला लिया गया है। नई दरों के हिसाब से 499 रुपये वाला टिकट अब 349 रुपये का, तो 16 हजार वाला टिकट 11 हजार में मिलेगा।
दर्शक दीर्घा टिकट दर अब पहले
माई 11 सर्कल ब्लॉक टू 349 499
हीरो अपर ब्लॉक फोर 349 499
माई 11 सर्कल अपर ब्लॉक नाइन 349 699
माई 11 सर्कल अपर ब्लॉक टेन 349 699
नार्थ प्रेंसिडेंशियल गैलरी 1500 3500
नाॅर्थ काॅरपोरेट बॉक्स वन 10000 15000
साउथ काॅरपोरेट बॉक्स 11000 16000
लखनऊ और हैदराबाद की टीमें पहुंचीं
सात अप्रैल को अटल बिहारी बाजपेयी इकाना स्टेडियम में होने वाले मुकाबले के लिए मेजबान लखनऊ सुपरजायंट्स और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाड़ी लखनऊ पहुंच गए। लखनऊ की टीम जहां दोपहर को राजधानी पहुंची, वहीं दिल्ली के खिलाड़ी देर शाम को एयरपोर्ट आए। मंगलवार को किसी भी टीम ने स्टेडियम में अभ्यास सत्र में भाग नहीं लिया। स्टेडियम प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर तीन से छह लखनऊ के खिलाड़ी और शाम पांच से आठ बजे तक हैदराबाद के खिलाड़ी अभ्यास सत्र का हिस्सा बनेंगे।