फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नौकरानी हत्याकांड: बसपा ने दी सांसद धनंजय को सजा

Sat, 21 Dec 2013 09:47 PM IST
महेंद्र तिवारी/लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
नौकरानी हत्याकांड में जेल में बंद चल रहे जौनपुर के मौजूदा बसपा सांसद धनंजय सिंह को राहत न मिलते देख पार्टी ने उनका टिकट काट दिया है।
विज्ञापन


अब उनके स्थान पर बसपा सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे सुभाष पांडेय प्रत्याशी बनाए गए हैं।

बसपा प्रदेश अध्यक्ष राम अचल राजभर ने पूर्व संस्कृति मंत्री पांडेय को टिकट दिए जाने की पुष्टि की है।

धनंजय दिल्ली स्थित अपने सरकारी आवास में नौकरानी की हत्या के मामले में पत्नी के साथ जेल में बंद हैं।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने तब सिंह के खिलाफ कार्यवाही के सवाल पर स्पष्ट किया था कि वह कोर्ट का निर्णय देखने के बाद ही कोई फैसला करेंगी।

मगर धनंजय को अब तक न तो जमानत मिली और न ही इसकी कोई सूरत नजर आ रही है। इसके चलते चुनाव तैयारियों पर असर पड़ रहा था।

पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि ऐसी स्थिति में पार्टी ने धनंजय की जगह पांडेय को टिकट देने का फैसला किया है।

माया सरकार में कैबिनेट मंत्री थे पांडेय, लेकिन कट गया था विस टिकट सुभाष पांडेय 2007 में जौनपुर की मछलीशहर विधानसभा सीट से पहली बार बसपा से विधायक चुने गए थे और कैबिनेट मंत्री बने।

इस दौरान उनके खिलाफ जमीन से जुड़े मामले में लोकायुक्त के शिकायत हुई। बाद में उन्हें क्लीनचिट मिल गई थी।

हालांकि 2012 के विस चुनाव में बसपा ने पांडेय का टिकट काट दिया था। लेकिन अब उन्हें लोकसभा प्रत्याशी बनाया गया है।

भदोही से मौजूदा सांसद की जगह राकेशधर को टिकट
मिर्जापुर सीट आरक्षित किए जाने की कार्यवाही का सीधा असर भदोही के मौजूदा सांसद गोरखनाथ पांडेय पर पड़ा है।

पार्टी ने पहले ब्राह्मण प्रत्याशी के रूप में उन्हें भदोही सीट पर बनाए रखने की घोषणा की थी। तब राकेशधर त्रिपाठी को मिर्जापुर से प्रत्याशी बनाया गया था।
विज्ञापन


अब मिर्जापुर सीट को आरक्षित घोषित करने की कार्यवाही को देखते हुए पार्टी ने पांडेय का टिकट काटकर त्रिपाठी को भदोही से आजमाने का मन बना लिया है। इस संबंध में जल्दी ही घोषणा हो सकती है।

कई और टिकट में बदलाव संभव
बसपा अब तक आधा दर्जन से अधिक मौजूदा सांसदों का टिकट काट चुकी है जबकि कुछ और सीटों पर बदलाव की सुगबुगाहट तेज है।

बताते चलें पार्टी विभिन्न कारणों से अब तक देवरिया, सलेमपुर, हमीरपुर, बस्ती, अलीगढ़, भदोही व जौनपुर के मौजूदा सांसदों का टिकट काट चुकी है।

हालांकि बस्ती में मौजूदा सांसद के चाचा पूर्व मंत्री राम प्रसाद चौधरी को जहां प्रत्याशी बनाया गया है वहीं अलीगढ़ की मौजूदा सांसद के स्थान पर उनके बेटे अरविंद सिंह को प्रत्याशी बनाया गया है।
विज्ञापन


पार्टी सूत्रों का कहना है कि अभी पूर्वांचल व पश्चिम के जिलों में तीन और सीटों में बदलाव के संकेत हैं। इनमें एक-दो लोगों को पूर्व में टिकट काटे जाने के फैसले को चुपचाप मान लेने का इनाम भी मिल सकता है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें